व्यापारी की मौत पर बूंदी में बाजार बंद : अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी

व्यापारी की मौत पर बूंदी में बाजार बंद:कार्रवाई नहीं होने से नाराज व्यापारी,  अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी - Bundi Band Markets Remain Closed Over  Alleged Medical ...

बूंदी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अशोक गुप्ता की मौत के मामले में कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद तय समय में कार्रवाई नहीं होने के विरोध में शनिवार को मार्केट सहित पुरानी धान मंडी क्षेत्र के बाजार सांकेतिक रूप से बंद रहे। बाजार बंद रहने से प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में सन्नाटा नजर आया।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान व्यापारी अशोक गुप्ता की मौत हो गई थी। घटना के बाद व्यापारियों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था। सूचना मिलने पर एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे। व्यापारियों के अनुसार, प्रशासन की ओर से दो दिन के भीतर जांच और कार्रवाई को लेकर रिपोर्ट देने का भरोसा दिलाया गया था। इसके बाद व्यापारियों ने मृतक का शव उठाया था और मामला शांत हुआ था।

व्यापारियों का कहना है कि दो दिन बीत जाने के बावजूद उनकी मांग के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते शनिवार को बाजार बंद कर विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान व्यापारियों ने मृतक अशोक गुप्ता की दुकान के बाहर उनका फोटो लगाकर श्रद्धांजलि दी। व्यापारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यवस्था को बाधित करना नहीं, बल्कि मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग करना है। व्यापार मंडल से जुड़े लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन बाजार बंद का निर्णय भी लिया जा सकता है। व्यापारियों ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

व्यापारियों का कहना है कि अशोक गुप्ता की मौत के मामले में यदि जांच के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज या उसके परिजन को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़े। बाजार बंद के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर बाजार क्षेत्र के आसपास पुलिस जाप्ता तैनात रहा। व्यापारियों ने प्रशासन से दोनों मामलों में जल्द कार्रवाई कर व्यापारियों में बढ़ रही नाराजगी को दूर करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *