कोटा-बूंदी में युवकों पर चाकू से हमला:बाइक सवार बदमाशों ने तलवार और चाकू से किया वार, घर के बाहर बैठे लड़के को मारी कुल्हाड़ी
कोटा में अलग-अलग जगहों पर चाकूबाजी और कुल्हाड़ी से हमले की तीन घटनाएं सामने आई हैं। कोटा में जागरण से लौट रहे युवक पर बदमाशों ने तलवार और चाकू से हमला कर दिया।
वहीं दूसरे मामले में सामान नहीं देने की बात पर युवक पर चाकू से वार किया गया। बूंदी के कापरेन थाना क्षेत्र में घर के बाहर बैठे युवक पर गांव के ही एक लड़के ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
जागरण से लौट रहे युवक पर तलवार-चाकू से हमला
कोटा के कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में बुधवार रात जागरण से लौट रहे राहुल पर 4-5 बदमाशों ने हमला कर दिया। घायल को एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घायल ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ लौट रहा था। इस दौरान तुषार सोलंकी, गगन मेहरा, दीपक बच्चा, वांटेड केकड़ा और राहुल बाइक से आए और बिना कुछ कहे मारपीट शुरू कर दी। उनहोंने तलवार और चाकू से हमला किया। घायल राहुल ने बताया कि उसके पैर और कमर में चोट आई है। उसने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी थाने में शिकायत हो चुकी हैं।
सामान नहीं देने पर युवक को चाकू मारा
रामपुरा कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 10:30 बजे तोहिद पर चाकू से हमला किया गया। तोहिद ने बताया कि वह दोस्त के साथ चाय पीने जा रहा था। दो दिन पहले आदिल ने उससे कुछ सामान मंगवाया था, जो वह नहीं ला सका। इस बात को लेकर आदिल ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से वार कर दिया। घायल तोहिद को देर रात एमबीएस अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
कापरेन में घर के बाहर बैठे युवक पर कुल्हाड़ी से हमला
बूंदी के कापरेन थाना क्षेत्र के रोटेड़ा गांव में बाबूलाल घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान गांव का राहुल वहां आया और कथित तौर पर कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया।
बीच-बचाव करने आई बहन और बड़े भाई के साथ भी मारपीट की गई। परिजन महावीर के अनुसार-घटना के बाद बाबूलाल को 108 एंबुलेंस से रात करीब 11 बजे एमबीएस अस्पताल लाया गया। मामले में कापरेन थाने में शिकायत दी गई है।


