वृंदावन में प्रेमानंद महाराज का शिष्य चौथी मंजिल से कूदा, मौत:

उत्तर प्रदेश में मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक कुमार (रसिक दुलारी सरन) ने शुक्रवार को चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घायल हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल लाया गया, लेकिन बचाया न जा सका. सूचना पर वृंदावन कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतक दीपक प्रेमानंद महाराज के आश्रम के पीछे बनी सोसाइटी में रहते थे. अचानक इस तरह का कदम कैसे उठाया अब इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं. पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दे दी है. उधर इस घटना को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
दीपक कुमार के आत्मघाती कदम से पूरे आश्रम में हड़कंप मच गया. लोग उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.किसी को भी आत्महत्या की वजह समझ नहीं आ रही. उधर पुलिस आश्रम के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. जिसमें असल वजह निकलकर सामने आ सकती है. पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया है. पुलिस हत्या और आत्महत्या के एंगल से छानवीन कर रही है.

इस मामले में अभी आश्रम की ओर से कोई बयान नहीं आया है और न ही सोसाइटी में रहने वाले कुछ बोलने को तैयार हैं. अचानक दीपक उर्फ रसिक दुलारी सरन के इस कदम ने हर किसी को हैरान कर दिया है.
एसपी सिटी राजीव कुमार के मुताबिक, प्रेमानंद महाराज के आश्रम के पीछे एक सोसाइटी है. दीपक कुमार आश्रम की सोसाइटी के फ्लैट में बीते डेढ़ साल ससे रह रहे थे. दीपक उर्फ रसिक दुलारी सरन मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे. शुरूआती जानकारी में चौथी मंजिल से कूदकर सुसाइड की बात सामने आई है. मामले की जांच की जा रही है. दीपक ने फरवरी 2025 में प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी.
मां बोली-पिछले साल हुई थी मुलाकात
दीपक की मां लोंग बाई पटेल ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे फोन पर सूचना दी थी कि दीपक की तबीयत खराब है। उन्होंने बताया कि पिछले साल वह दीपक से मिलने वृंदावन आयीं थी। वह दूसरी जगह रही थीं। तब वह पांच दिन वृंदावन रही थीं और दीपक ने उन्हें मथुरा-वृंदावन घुमाया था।

