चक्रवात अर्नब से ओडिशा-आंध्र प्रदेश में भारी बारिश, पुल डूबे:बंगाल, एमपी और छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी से बना अर्नब चक्रवात उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से देर रात 11 से 1 बजे के बीच टकरा गया। इसके असर से दोनों राज्यों के तटीय जिलों में भारी बारिश हो रही है।
दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। मलकानगिरी में चार पुल डूब जाने से ट्रैफिक बंद हो गया है। सुरक्षा कारणों से नेशनल हाईवे भी बंद कर दिया गया है। वहीं, राउरकेला में तूफान से सिविल टाउनशिप में बना 150 फुट ऊंचा गणेश पंडाल ढह गया।
आंध्रप्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ 75 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चलीं। विजयवाड़ा में निचले इलाकों में पानी भर गया है। शहर के कई स्कूलों में लगातार दूसरे दिन छुट्टी कर दी गई है। मछुआरों से शुक्रवार सुबह तक समुद्र में न जाने की अपील की।
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का हो रही है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान का असर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देगा। एमपी के 10 जिलों भारी बारिश और छत्तीसगढ़ के 15 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है।
ओडिशा में दो दिनों तक तूफानी मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा में पिछले 24 घंटों में औसतन 70 मिमी बारिश हुई है, जिसमें कोरापुट जिले के सिमिलिगुडा में सबसे अधिक 193.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय इलाकों में दो दिनों तक तेज हवाओं के साथ तूफानी मौसम रहेगा और मछुआरों से शुक्रवार सुबह तक समुद्र में न जाने की अपील की।
चक्रवात क्या होते हैं और ये बनते कैसे हैं?
साइक्लोन शब्द ग्रीक भाषा के साइक्लोस (Cyclos) से लिया गया है, जिसका अर्थ है सांप की कुंडलियां। इसे ऐसा इसलिए कहा जाता है क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में ट्रॉपिकल साइक्लोन समुद्र में कुंडली मारे सांपों की तरह दिखाई देते हैं। चक्रवात एक गोलाकार तूफान (सर्कुलर स्टॉर्म) होते हैं, जो गर्म समुद्र के ऊपर बनते हैं। जब ये चक्रवात जमीन पर पहुंचते हैं, तो अपने साथ भारी बारिश और तेज हवाएं लेकर आते हैं। ये हवाएं उनके रास्ते में आने वाले पेड़ों, गाड़ियों और कई बार तो घरों को भी तबाह कर सकती हैं।
पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना में कम दबाव के असर से भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।
यूपी में 3 दिन बाद फिर मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार को लखनऊ, गोंडा, महराजगंज, उन्नाव, प्रयागराज में बारिश हुई। गोंडा में सुबह 4 बजे से मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 2 घंटे में जिले में 10 एमएम बारिश दर्ज की गई। प्रशासन ने कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है
हिमाचल: अगले 5 दिन बरसेंगे बादल, 3॰C तक गिरेगा तापमान
हिमाचल की राजधानी समेत राज्य के अधिकांश भागों में आज अच्छी धूप खिली है। मौसम विभाग (IMD) की माने तो दोपहर बाद से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले पांच दिन बारिश का पूर्वानुमान है। IMD ने 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों के तापमान में गिरावट आने के साथ सुबह-शाम और रात के समय ठंड बढ़ेगी।
हरियाणा: 21 जिलों से लौटा दक्षिण-पश्चिम मानसून
हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई प्रक्रिया तेजी से पूरी हो रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यमुनानगर जिले के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के लगभग 21 जिलों से मानसून की पूरी तरह विदाई हो चुकी है।
यही स्थिति पड़ोसी राज्यों में भी है, पंजाब के लगभग 92% हिस्से, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से भी मानसून वापस लौट चुका है। मानसून के जाते ही अब मौसम के तेवर बदलने लगे हैं।
बिहार: पूरे राज्य में आंधी-बारिश का अलर्ट
पटना, समस्तीपुर और बेगूसराय में गुरुवार की सुबह से रुक रुक कर बारिश हो रही है। पटना में बुधवार की रात से ही मौसम बदला हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी गुरुवार को बिहार के 38 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। इसमें 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और 19 जिलों में मध्यम बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है
मध्य प्रदेश: 10 जिलों में आज तेज बरसात होगी
विदाई से पहले मध्य प्रदेश में तेज बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय हो गया है। 25-26 सितंबर को ज्यादा असर रहेगा। इस दिन पूर्वी हिस्से के अधिकांश जिलों में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है।
गुरुवार को 10 जिलों में तेज बारिश का अनुमान है। प्रदेश में अब तक औसत 34.3 इंच बारिश हो चुकी है, जो कोटे की 91.9 प्रतिशत है।
राजस्थान: मानसून के बीच गर्मी का नया रिकॉर्ड, 10 साल में सितंबर सबसे गर्म
राजस्थान से मानसून की वापसी नहीं हुई है, इस बीच गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। राज्य में बुधवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया।पश्चिमी जिलों में गर्म हवा चलने से बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर में सामान्य से 5 डिग्री तक ऊपर दर्ज हुआ। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।




